Advertisement

घटता मलाल, शेयरों में उछाल

सेंसेक्स

सेंसेक्स 30 सितंबर को 16 महीने के बाद 17 हज़ार के स्तर पर चला गया था

भारत में औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि और अंबानी बंधुओं के बीच सुलह के संकेत को देखते हुए शेयर बाज़ार में काफ़ी उछाल आया है.

भारतीय बाज़ार का प्रतिनिधित्व करनेवाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 17,000 अंक के स्तर पर चला गया है.

सोमवार को कारोबार शुरू होने के समय ही शेयर बाज़ार मज़बूत दिखाई देने लगा क्योंकि एक दिन पहले ही अंबानी बंधुओं के बीच सुलह होने का संकेत आया था.

अनिल अंबानी ने रविवार को अपने बड़े भाई मुकेश अंबानी के नाम एक पत्र जारी किया था जिसमें उन्होंने लिखा था कि मतभेदों को सौहार्द्रता से दूर किया जा सकता है.

मुकेश अंबानी की कंपनी ने अनिल अंबानी के इस बयान का स्वागत किया था जिसके बाद बाज़ार में निवेशकों का भरोसा मज़बूत हुआ और इस कारण सोमवार को बाज़ार खुलते ही शुरूआत तेज़ रही.

बाज़ार पर साथ ही एक दिन पहले आए भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस बयान का भी प्रभाव पडा जिसमें उन्होंने कहा कि भारत की विकास दर में अब तेज़ी आएगी.

लेकिन इसके बाद औद्योगिक उत्पादन के आँकड़े आए जिसके बाद शेयर बाज़ार में काफ़ी तेज़ उछाल आया.

नए आँकड़ों के अनुसार भारत के औद्योगिक उत्पादन में अगस्त महीने में पिछले वर्ष की तुलना में 10.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जो अनुमान से कहीं अधिक है.

औद्योगिक उत्पादन में इस स्तर की वृद्धि 22 महीनों के बाद संभव हुई है.

सोमवार को सेंसेक्स 384 अंक ऊपर चढ़ा और बाज़ार 17,026.67 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स 16 महीने के अंतराल के बाद 30 सितंबर को 17,000 के स्तर पर गया था और उसके बाद से उसमें उतार-चढ़ाव आ रहा है.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.