Advertisement

बोनस देने वाले बैंक पर जुर्माना

आर्थिक मंदी से जूझने के लिए सहायता प्राप्त करने वाले बैंक ऑफ़ अमरीका पर निवेशकों को गुमराह करते हुए बोनस बाँटने के आरोप में भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है.

बैंक ऑफ़ अमरीका

बैंक ऑफ़ अमरीका के ख़िलाफ़ अभी जाँच जारी है

बैंक ऑफ़ अमरीका ने 3.30 करोड़ डॉलर (लगभग 165 करोड़ रुपए) का जुर्माना भरना स्वीकार कर लिया है.

जब बैंक ऑफ़ अमरीका ने मेरिल लिंच का अधिग्रहण किया था तो उसने निवेशकों को आश्वासन दिया था कि उनकी सहमति के बिना मेरिल लिंच के अधिकारियों को बोनस नहीं बाँटा जाएगा.

लेकिन बाद में बैंक ऑफ़ अमरीका ने मेरिल लिंच को ये अधिकार दे दिए कि वह अपने अधिकारियों को 5.8 अरब डॉलर का बोनस बाँट ले.

उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ़ अमरीका को वर्ष 2008 में मंदी से उबरने के लिए सरकारी पैसे से मदद की गई थी. यानी यह पैसा टैक्स अदा करने वालों का था.

जब आर्थिक मंदी अपने चरम पर थी तो इस बैंक को मंदी से उबरने के लिए 25 अरब डॉलर की मदद की ज़रुरत थी.

जुर्माना

अमरीकी सेक्युरिटीज़ एंड एक्सचेंज (एसईसी) कमीशन ने जो आरोप बैंक को लगाए थे उसके बाद बैंक ऑफ़ अमरीका ने समझौते के तहत सोमवार को जुर्माना अदा करना स्वीकार कर लिया.

हालांकि बैंक ने एसईसी के आरोपों को स्वीकार नहीं किया है और न ही इसका खंडन किया है. लेकिन उसके प्रवक्ता ने कहा, "बैंक समझता है कि इस मामले में समझौता पूरे मामले का सकारात्मक अंत है."

वैसे एसईसी ने कहा है कि जाँच की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी.

एसईसी का कहना है कि मेरिल लिंच को वर्ष 2008 में भारी घाटा हुआ था लेकिन फिर भी उसने अपने कर्मचारियों को 3.6 अऱब डॉलर बोनस के रुप में बाँटे.

बैंक और एसईसी के बीच यह समझौता उस समय हुआ है जब अमरीकी संसद की प्रतिनिधि सभा ने उस क़ानून के पक्ष में मतदान किया, जिसमें कहा गया है कि उन परिस्थितियों में बोनस नहीं बाँटे जाने चाहिए जबकि इससे बैंक के भविष्य को ख़तरा हो.

पिछले हफ़्ते ही एक रिपोर्ट में कहा गया था कि वॉल स्ट्रीट के बैंकों ने मंदी के दौर में भी अपने प्रदर्शन को दरकिनार रखते हुए बोनस बाँटे.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.