
टाटा के मुनाफ़े में वृद्धि हुई है
टाटा मोटर्स ने पहली तिमाही में अपने मुनाफ़े में 58 फ़ीसदी वृद्धि की घोषणा की है. टाटा को अप्रैल से जून के बीच 5.14 अरब रुपए का शुद्ध मुनाफ़ा हुआ है.
इसी समय पिछले साल टाटा मोटर्स को 3.26 अरब रुपए का लाभ हुआ था.
स्टील की कीमतों में कटौती के कारण वाहनों की गिरती बिक्री का असर कम हुआ है.
भारत की सबसे ज़्यादा कार बनाने वाली कंपनी ने इस साल अप्रैल से जून के बीच 127340 गाड़ियाँ बेची. पिछले साल 133079 गाड़ियों की बिक्री हुई थीं.
जैगुआर और लैंड रोवर ब्रैंड भी टाटा मोटर्स के पास ही है. अप्रैल में टाटा ने विश्व की सबसे सस्ती कार नैनो लॉन्च की है.
एक बयान में कंपनी ने कहा है, "कीमत को कम करने की कोशिश, कच्चे माल की कीमतों में कमी और दूसरी वजहों के कारण अच्छे नतीजे आए हैं."
लेकिन बयान में ये भी कहा गया है कि विश्व में आर्थिक संकट के कारण निर्यात पर काफ़ी बुरा असर पड़ा है.
निर्यात 43 फ़ीसदी घटकर 5220 वाहनों तक हो गया है.













