
वार्षिक रूप से अरबपतियों पर जारी होने वाली एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिटेन में अरबपतियों की तादाद 75 से गिरकर अब 43 ही रह गई है.
अरबपतियों का यह वार्षिक सर्वेक्षण जारी होता है ब्रिटेन के प्रकाशन, संडे टाइम्स की ओर से. संडे टाइम्स का कहना है कि पिछले 21 वर्षों के दौरान अरबपतियों की तादाद में यह अबतक की सबसे बड़ी गिरावट है.
अख़बार पिछले 21 बरसों से ब्रिटेन के अरबपतियों के बारे में जानकारी और सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची वार्षिक रूप से छापता आ रहा है.
आर्थिक मंदी की मार इस कद़र ब्रिटेन के इन बड़े पूंजीपतियों पर पड़ी है कि बैंकों से इनकी 220 अरब डॉलर की पूंजी साफ़ हो गई है.
मित्तल अभी भी शीर्ष पर
हालांकि भारत के लोगों के लिए अभी भी कुछ खुश होने वाली जानकारी इस सर्वेक्षण में बची हुई है.
भारतीय मूल के ब्रितानी और स्टील के दुनियाभर में सबसे बड़े कारोबारियों में से एक लक्ष्मी मित्तल अभी भी ब्रिटेन के सबसे धनी व्यक्ति हैं.
लक्ष्मी मित्तल ब्रितानी अरबपतियों की सूची में अबतक सबसे ऊपर हैं. ताज़ा सर्वेक्षण के मुताबिक उनके पास 15.8 अरब की पूंजी है.
पर ऐसा नहीं है कि आर्थिक मंदी का झटका लक्ष्मी मित्तल को नहीं लगा है. लक्ष्मी मित्तल को पिछले एक वर्ष में भारी नुकसान हुआ है.
लक्ष्मी मित्तल को अपनी कुल पूंजी का 61 प्रतिशत पिछले एक साल के दौरान गंवाना पड़ा है.
लक्ष्मी मित्तल के बाद दूसरे नंबर पर आते हैं चेल्सिया फ़ुटबॉल क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविच अपनी पूंजी का 40 प्रतिशत हिस्सा गंवाकर भी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.













