|
|
 |
मंगलवार, 17 जून, 2003 को 23:23 GMT तक के समाचार माइक्रोसॉफ़्ट ने कार्रवाई की
|

माइक्रोसॉफ़्ट ने अनचाही ईमेल की समस्या को गंभीर बताया है
|
प्रमुख कंप्यूटर सॉफ़्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट ने अमरीका और ब्रिटेन में अनचाही ईमेल भेजने वाली कंपनियों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई शुरू की है.
कंपनी ने मंगलवार को कहा कि उसने 15 ऐसी कंपनियों के ख़िलाफ़ क़ानूनी मामले दायर किए हैं जो कि कथित रूप से भारी मात्रा में अवांछित ईमेल भेजती हैं.
 अनचाही ईमेल अधिकांश लोगों के लिए परेशानी का सबब हैं | माइक्रोसॉफ़्ट का आरोप है कि इन कंपनियों ने दो अरब से ज़्यादा ईमेल संदेश भेज कर उसके और उसके ग्राहकों के कंप्यूटरों को जाम कर दिया है.
कंपनी ने 13 मामले अमरीका के वाशिंगटन राज्य में दायर किए हैं और दो ब्रिटेन में.
उल्लेखनीय है कि वाशिंगटन में हाल ही में अनचाही ईमेल भेजने वालों के ख़िलाफ़ एक कड़ा क़ानून पास किया गया है.
माइक्रोसॉफ़्ट के वकील ब्रैड स्मिथ ने कहा, "स्पैम(अनचाही ईमेल) के लिए कोई सीमा नहीं होती. इससे जुड़ी समस्या से निपटने के लिए विश्व स्तर पर समन्वय की ज़रूरत है ताकि उद्योग और सरकारें उपभोक्ताओं की बेहतर सुरक्षा कर सकें."
बड़ी समस्या
माना जाता है इंटरनेट के ज़रिए भेजे जाने वाले पत्रों में से आधे अनचाही ईमेल या स्पैम के रूप में होते हैं.
बड़ी संख्या में आने वाली अनचाही ईमेल से न सिर्फ मेलबॉक्स जाम होता है, बल्कि इनसे कंप्यूटर नेटवर्क धीमा हो जाता है.
स्पैम का बड़ा हिस्सा अश्लील और पोर्नोग्रॉफ़िक वेबसाइटों के प्रचार के रूप में होता है जिनसे ईमेल का प्रयोग करने वालों के सामने तरह-तरह की समस्याएँ खड़ी होती हैं.
दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ़्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट ने इस समस्या से निपटने के लिए याहू, अर्थलिंक और अमरीका ऑनलाइन के साथ मिलकर कई क़दम उठाए हैं.
सरकार के स्तर पर अमरीका के कई राज्यों में अनचाही ईमेल भेजने वालों के ख़िलाफ़ कड़े क़ानून बनाए गए हैं.
यूरोपीय संघ ने भी इस समस्या को गंभीरता से लिया है और अनचाही ईमेल को ग़ैरक़ानूनी क़रार देने वाला संघ का क़ानून अक्तूबर से लागू होने की संभावना है. |
|
|
 |
 |
इंटरनेट लिंक्स
 |
 |
माइक्रोसॉफ़्ट |
बीबीसी अन्य वेब साइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है
 |
|