|
|
 |
मंगलवार, 22 अप्रैल, 2003 को 16:16 GMT तक के समाचार प्रतिद्वंद्वियों को मदद की पेशकश
|

विंडोज़ माइक्रोसॉफ़्ट का सबसे लोकप्रिय सॉफ़्टवेयर है
|
अमरीकी कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट अपने विंडोज़ सॉफ़्टवेयर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ अपनी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हो गई है.
इस संबंध में महीनों चली बातचीत के बाद कंपनी और अमरीका सरकार के बीच इस बारे में समझौता हो गया है.
मामला अमरीकी न्याय विभाग में चल रहा था.
उल्लेखनीय है कि माइक्रोसॉफ़्ट को पर्सनल कंप्यूटर ऑपरेटिंग सिस्टम के क्षेत्र में अपने एकाधिकार के दुरूपयोग का दोषी पाया गया था.
समझौता
अब समझौते के बाद माइक्रोसॉफ़्ट प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को अपने ऑपरेटिंग सिस्टम के महत्वपूर्ण कोड आसानी से और सस्ती दरों पर उपलब्ध कराएगा.
इसके तहत माइक्रोसॉफ़्ट के प्रतियोगी वो कोड प्राप्त कर सकते हैं जिनके आधार पर विंडोज़ ऑपरेटिंग सिस्टम में विभिन्न प्रोग्राम तैयार किए जाते हैं.
माइक्रोसॉफ़्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कहा है कि नए बदलावों के बाद अन्य कंपनियों के लिए माइक्रोसॉफ़्ट की तकनीकों का लाइसेंस प्राप्त करना आसान हो जाएगा.
फ़ायदा
इन बदलावों के बाद सन माइक्रोसिस्टम्स जैसी कंपनियों को काफ़ी मदद मिलेगी जो बाज़ार में सर्वर के सॉफ़्टवेयर को हासिल करने के लिए जीतोड़ प्रयास कर रही हैं.
सर्वर की सहायता से कंप्यूटर नेटवर्कों की व्यवस्था की जाती है.
अमरीकी न्याय विभाग ने कहा है कि नए बदलावों से माइक्रोसॉफ़्ट सॉफ़्टवेयरों के लाइसेंसिंग प्रावधानों में बड़ा परिवर्तन होगा.
इसके पहले इसी महीने अमरीका सरकार के अनुरोध पर माइक्रोसॉफ़्ट ने अपने विंडोज़ ऑपरेटिंग सिस्टम में बदलाव करने की बात मान ली थी.
इनके बाद उपभोक्ताओं के लिए प्रतियोगी कंपनियों के वेब पेजों को देखना, संगीत सुनना और अपने संदेश भेजना और आसान हो जाएगा. |
|
|
|